कोलकाता, दो मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान में सुबह 11 बजे तक लगभग 37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा था, जहां चुनावी कदाचार की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने एक दिन पहले पुनर्मतदान का आदेश दिया था।
अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे तक 36.99 प्रतिशत मतदान हुआ।
एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि मगराहाट पश्चिम में 38.2 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि डायमंड हार्बर में यह 35.92 प्रतिशत था।
चुनाव आयोग के अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, “अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और दोनों विधानसभा क्षेत्रों में से किसी में भी हिंसा या अशांति की कोई घटना सामने नहीं आई है।”
उन्होंने कहा, “हमारे पास दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बल हैं। वेबकास्टिंग भी की जा रही है और हम कार्यवाही की निगरानी कर रहे हैं।”
इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में राज्य चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था।
चुनाव आयोग के अधिकारी ने कहा कि पुनर्मतदान आदेश दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट और “भौतिक परिस्थितियों” पर आधारित था।
मगराहाट पश्चिम में, टीएमसी के एमडी समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार गौरसुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल माजिद हलदर और आईएसएफ उम्मीदवार अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।
डायमंड हार्बर सीट पर टीएमसी उम्मीदवार पन्ना लाल हलदर भाजपा के दीपक कुमार हलदर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य उम्मीदवारों में कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और सीपीआई (एम) के समर नैया शामिल हैं।
भाजपा ने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के तहत दोनों विधानसभा सीटों के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी कदाचार का आरोप लगाया था, जिसका प्रतिनिधित्व टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं।
चुनाव आयोग ने जमीनी स्तर पर आरोपों की तथ्य-जांच करने के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को तैनात किया था।
पोल पैनल शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा।
अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों – 23 अप्रैल और 29 अप्रैल – में हुए।
वोटों की गिनती 4 मई को होगी.
(यह रिपोर्ट ऑटो-जेनरेटेड सिंडिकेट वायर फीड के हिस्से के रूप में प्रकाशित की गई है। हेडलाइन के अलावा, एबीपी लाइव द्वारा कॉपी में कोई संपादन नहीं किया गया है।)
नवी मुंबई निकाय चुनाव: शिवसेना और भाजपा अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी, गठबंधन की घोषणा नहीं


